रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा विभाग से संचालित विद्यालयों में ऑनलाइन पठन पाठन के बारे में सूचना न देना विद्यालयों को भारी पड़ सकता है। ऐसा न करने वाले एक विद्यालय को मान्यता रद्द करने की चेतावनी दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सूचना न देने के बारे में स्पष्टीकरण मांगा है।
माध्यमिक विद्यालयों में 20 मई से ऑनलाइन पठन पाठन की रियल टाइम मॉनिटरिंग कराई जा रही है। इसके लिए नोडल प्रधानाचार्यों के माध्यम से सभी विद्यालयों से सूचना मांगी जा रही है।
पं. अक्षयवर दत्त भारत भारती इंटर कॉलेज पूरे जोधी ने नोडल प्रधानाचार्य को कोई सूचना उपलब्ध नहीं कराई। इस विद्यालय के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज बसाढ़ के प्रधानाचार्य को नोडल नामित किया गया है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन शिक्षण संबंधी सूचना आज तक नहीं उपलब्ध कराई गई और न ही इस बारे में रुचि ली जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. चंद्रशेखर मालवीय ने बताया कि स्कूल से संपर्क का प्रयास किया गया लेकिन जानबूझ कर सूचना प्राप्त नहीं कराई। पं. अक्षयवर दत्त भारत भारती इंटर कॉलेज पूरे जोधी ने मान्यता शर्तों का उल्लंघन किया है, जो अनुचित है।
उन्होंने विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य को निर्देश दिए हैं कि अपने नोडल प्रधानाचार्य से संपर्क कर तत्काल सूचना प्राप्त कराएं। साथ ही अब तक सूचना न दे पाने का कारण स्पष्ट करें। अन्यथा की स्थिति में मान्यता रद्द कर दी जाएगी।