आर्य समाज की ओर से रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह हुआ। आर्य मंदिर सभागार में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटर परीक्षा जिले का गौरव बढ़ाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि संस्कृत साहित्य के राष्ट्रपति पुरस्कार सम्मानित डॉ. प्रशस्य मित्र शास्त्री ने सभी को सम्मानित किया। कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य बनाना बेहद जरूरी है। मुख्य वक्ता डीके वर्मा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता एक दिन में नहीं मिलती है।
इसके लिए सतत प्रयास, आशावादी दृष्टिकोण, दृढ़ संकल्प शक्ति और आगे बढ़ने की रचनात्मक प्रवृत्ति होनी चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सफलता के टिप्स भी दिए। कहा कि सफलता के पीछे बच्चों की कड़ी मेहनत के साथ विद्यालय के शिक्षक और अभिभावक का भी काफी योगदान होता है।
प्रधान कांती चौधरी ने सभी का स्वागत किया। कहा कि समाज का उद्देश्य बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देना है। इस दौरान प्रदेश में पहला स्थान हासिल करने वाली सौम्या पटेल, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली इकरा व उमरा के साथ-साथ मेधावी महमूद, तृप्ति पटेल, जावेद, प्रतीक्षा वर्मा, शिखा पटेल, अनामिका सोनी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मंत्री पंकज वर्मा ने किया। इस मौके पर राजीव वर्मा, शरद चौधरी, हरिशंकर शुक्ल, शिवकुमार गुप्ता, डॉ. विश्राम, डॉ. विश्वदेव शर्मा व ममता आदि मौजूद रहे।