अनाज वितरण कराने में शिथिलता और शिकायतों के निस्तारण में देरी करना सलोन आपूर्ति निरीक्षक को भारी पड़ गया। एसडीएम सलोन की जांच में खामियां मिलने की रिपोर्ट के आधार पर जिला आपूर्ति अधिकारी वीआर अहिरवार ने कार्यालय से संबद्ध कर दिया।
सलोन तहसील में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों में अनियमितता की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। हाल ही में कुछ कोटेदारों ने गोदाम से अनाज भी कम देने की शिकायत की थी। वहीं महराजगंज से आए नवागंतुक एसडीएम मोतीलाल यादव ने जांच की, तो आपूर्ति निरीक्षक प्रदीप शुक्ला की कई खामियां खुलकर सामने आ गई।
डीएसओ वीआर अहिरवार ने बताया कि एसडीएम ने जांच रिपोर्ट में कार्यों में लापरवाही बरतने, समय से शिकायतों का निस्ताण नहीं करने, कार्यालय से आए दिन नदारद रहने आदि के मामले सामने आए हैं। इसी आधार पर आपूर्ति निरीक्षक को कार्यालय संबद्ध कर दिया गया है। जल्द ही नए आपूर्ति निरीक्षक की तैनाती कर दी जाएगी।