बछरावां। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षा में ड्यूटी न करने वाली दो शिक्षिकाओं का वेतन रोक दिया गया है। जिला स्तरीय सचल दल को निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र में दोनों शिक्षिकाएं अनुपस्थित मिली थीं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने वेतन रोकने का आदेश दे दिया है। दोनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
मामला राजामऊ स्थित परीक्षा केंद्र का है, जहां बोर्ड परीक्षा के पहले दिन 18 फरवरी को बीएसए के नेतृत्व वाले सचल दल ने निरीक्षण किया था। केंद्र व्यवस्थापक ने अवगत कराया कि दो शिक्षिकाओं ने ड्यूटी करने से इन्कार कर दिया है। शिक्षिकाओं के उपस्थित न होने की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी को दी गई है।
बीएसए ने बताया कि कंपोजिट विद्यालय इचौली की शिक्षिकाएं गीता सिंह और रेनू वर्मा की ड्यूटी परीक्षा केंद्र में लगाई गई थी, लेकिन दोनों शिक्षिकाएं अनुपस्थित रहीं। इस पर दोनों का वेतन रोका गया है। दोनों शिक्षिकाओं से जवाब मांगा गया है।