रायबरेली। समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था पेंशन की दूसरी किस्त जारी कर दी है। 78761 पेंशनरों को दूसरी किस्त के तीन-तीन हजार रुपये दिए गए हैं। पिछले महीने पहली किस्त से वंचित 5407 पेंशनरों को छह-छह हजार रुपये पेंशन के रूप में खातों में भेजे गए हैं। कुल 84168 पेंशनरों के खातों में 26.87 करोड़ रुपये भेजे गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. वैभव त्रिपाठी ने बताया कि जिले में 1,12,300 वृद्धावस्था पेंशनर हैं। पिछली जनवरी में पेंशन देने के बाद शासन ने आधार सत्यापन के बाद पेंशन देने का आदेश दिया था। पिछले महीने आधार प्रमाणीकरण कराने वाले 78761 पेंशनरों को तीन महीने की पेंशन एक-एक हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से भेजी गई थी। इन पेंशनरों को जून माह तक पेंशन मिल गई थी।
उन्होंने बताया कि समाज कल्याण निदेशालय ने इस माह पेंशनरों को तीन-तीन महीने की दूसरी किस्त भी जारी कर दी है। पेंशन से वंचित रहे 5407 पेंशनरों को छह-छह महीने की पेंशन एक साथ दी गई है, जबकि पिछले महीने पेंशन पाने वाले 78761 पेंशनरों को तीन-तीन महीने की पेंशन दी गई है। शासन ने शेष पेंशनरों को जल्द ही जल्द आधार सत्यापन कराने का आदेश दिया है, जिससे उनको भी पेंशन दी जा सकें।
25 से 29 नवंबर के बीच होंगी सामूहिक शादियां
जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. वैभव त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाद योजना के तहत 25 से 29 नवंबर के बीच शादियां कराने के लिए शासन से तारीख तय हुई है। इसके लिए पंजीयन की प्रक्रिया चल रही है।
दो लाख रुपये से कम आय वाले लोग बेटियों की शादी के लिए नगर निकायों या ब्लॉकों में पहुंचकर फार्म भरकर आवेदन कर सकते हैं। पहले से पंजीयन कराने वाले लाभार्थियों को ही सामूहिक शादी में शामिल किया गया है। सामूहिक शादी में शामिल होने वाली बेटियों के खातों में 35-35 हजार रुपये भेजे गए हैं। 10-10 हजार रुपये के उपहार ब्याह के दौरान ही उपलब्ध कराए जाएंगे।