जिले में बिना मान्यता के संचालित स्कूलों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। डीआईओएस ने बुधवार को सुपर मार्केट स्थित न्यू स्टैंडर्ड बालिका स्कूल व खोवा मंडी स्थित विबग्योर स्कूल में छापा मारा।
इस दौरान दोनों जगह स्कूल प्रशासन उन्हें मान्यता का प्रमाणपत्र का नहीं दिखा सका। डीआईओएस ने दोनों स्कूल प्रबंधकों को नोटिस देकर दो दिन में मान्यता प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा एक अन्य स्कूल में भी बिना मान्यता के ही कक्षाएं संचालित मिलीं।
डीआईओएस विनय मोहन ने बुधवार की सुबह शांती शिक्षा निकेतन स्कूल इंदिरा नगर में छापा मारा तो यहां हाईस्कूल की मान्यता मिली, लेकिन जूनियर और इंटर की कक्षाएं भी संचालित मिली।
डीआईओएस ने प्रबंधक व प्रधानाचार्य को नोटिस देकर दो दिन में बिना मान्यता संचालित कक्षाओं को बंद करने और जवाब देने के आदेश दिए। ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीआईओएस खोवा मंडी स्थित विबग्योर स्कूल पहुंचे तो यहां भी कक्षाएं संचालित मिली, लेकिन प्रबंधक मान्यता का प्रमाणपत्र नहीं दिखा सके। प्रबंधक को दो दिन में मान्यता प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के आदेश दिए।
सुपर मार्केट स्थित न्यू स्टैंडर्ड बालिका स्कूल में भी कक्षाएं तो संचालित मिली, लेकिन मौके पर मान्यता का प्रमाणपत्र नहीं दिखाया जा सका।
डीआईओएस ने बताया कि तीनों स्कूलों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को नोटिस देकर मान्यता प्रमाणपत्र की कॉपी मांगी गई है। मान्यता न मिलने पर शासन को कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।