रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र में सेमरी-लालगंज मार्ग पर निहस्था स्थित पोस्ट ऑफिस के पास बदमाशों ने सोमवार शाम बाइक से जा रहे दुकानदार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे दुकानदार के पेट के दाहिनी तरफ निचले हिस्से में तीन गोली और दाएं सीने में एक गोली लगी है।
उसके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। सिर पर गंभीर चोट है। बाइक से गिरने के बाद हमलावर फरार हो गए। लालगंज सीएचसी और जिला अस्पताल में इलाज के बाद उसे गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
इलाकाई पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि दुकानदार को किस वजह से गोली मारी गई है। खीरों थाना क्षेत्र के रमवापुर निवासी पंकज तिवारी (38) की सेमरी चौराहा पर पंकज बुक डिपो के नाम से कॉपी-किताब की दुकान है।
वह सोमवार शाम करीब सवा सात बजे वह लालगंज से बाइक पर कॉपी-किताब लेकर घर जा रहा था। सेमरी-लालगंज मार्ग पर निहस्था स्थित पोस्ट ऑफिस के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसके पहुंचते ही उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
उसने बचने के लिए गांव की तरह भागने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उसे दौड़ाकर गोलियां मारीं। गोलियां लगते ही युवक बाइक से जमीन पर गिर गया। युवक को मरा समझकर बदमाश असलहा लहराते हुए मौके से भाग निकले।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को लालगंज सीएचसी पहुंचाया। जहां हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया है। सीएचसी लालगंज के डॉ. रजनीश ने बताया कि युवक के पेट के निचले हिस्से में तीन और सीने में एक गोली लगी है।
सिर पर भी चोट के निशान हैं। एसओ राजेश सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही हमलावरों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।
दुकानदार को कई गोलियां लगी हैं, जिससे हालत गंभीर है। अभी तक दुकानदार को गोली मारे जानेे की कोई वजह सामने नहीं आई है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को निर्देश दिए गए हैं। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि दुकानदार को किसी रंजिश, कारोबारी खुन्नस या फिर किसी वजह से गोली मारी गई। केस दर्ज करके हमलावरों को जल्दी पकड़ा जाएगा।- श्लोक कुमार, एसपी