लेखपाल भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को गतंव्य स्थान पहुंचाने के लिए रोडवेज कर्मियों के अवकाश को निरस्त कर दिया गया है। साथ ही जिले में चलने वाली लोकल बसों का हाल्ट नहीं किया जाएगा।
यही नहीं अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार लखनऊ व इलाहाबाद समेत अन्य जनपदों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन करने की व्यवस्था की गई है। जिले में 13 सितंबर को लेखपाल भर्ती की परीक्षा होनी है।
इसके लिए 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में करीब 30 हजार अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा में शामिल आने वाले अभ्यर्थियों को गतंव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके लिए रायबरेली डिपो ने तैयारी शुरू कर दी है। डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी अशोक त्रिपाठी के मुताबिक भर्ती परीक्षा को लेकर चालकों-परिचालकों के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं।
लोकल चलने वाली बसों के हाल्ट भी भर्ती परीक्षा वाले दिन नहीं होंगे। यदि कोई बस लालगंज जा रही है तो वह वहां न रुककर डिपो से अभ्यर्थियों को गतंव्य स्थान पहुंचाएगी।
इलाहाबाद, लखनऊ व कानपुर समेत अन्य जिलों के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ के तहत अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।