रायबरेली। कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की राह आसान बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क का चौड़ीकरण और मरम्मत का काम शुरू कराया गया है। मेला शुरू होने से पहले सड़क को दुरुस्त बनाने की कवायद तेजी से चल रही है। सड़क बनने से लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने के साथ ही आवागमन भी सुगम बनेगा।
25 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर डलमऊ में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ जुटती है। यहां पर अमेठी, सुल्तानपुर, गौरीगंज, जायस, फुरसतगंज, डीह, नसीराबाद, छतोह, महराजगंज, बछरावां समेत दूर-दूर से लाखों श्रद्धालु स्नान करने पहुंचते हैं। यहां पर एक सप्ताह तक ऐतिहासिक मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग आते हैं। मेले में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य समेत सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
सबसे ज्यादा श्रद्धालु मुंशीगंज-डलमऊ राजमार्ग से गुजरते हैं। मुंशीगंज से चौदहमील तक सड़क ठीक है, लेकिन उसके आगे आठ किलोमीटर सड़क बदहाल हालात में है। इसकी बदहाली दूर करने के लिए करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण और मरम्मतीकरण का काम कराया जा रहा है। अभी यह सड़क सात मीटर है, चौड़ीकरण के बाद इसे 10 मीटर किया जा रहा है, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी न पड़े। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील दत्त ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा से पहले सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश संबंधित ठेकेदार फर्म को दिया गया है।