रायबरेली। लखनऊ-रायबरेली रेल खंड में चल रहे दोहरीकरण कार्य के चलते शुक्रवार को हरचंदपुर रेलवे स्टेशन के निकट स्थित क्रॉसिंग को चार घंटे के लिए बंद किया गया। इससे लगभग 25 गांवों के लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। उन्हें लंबा चक्कर काट कर दूसरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ा। दोहरीकरण का निरीक्षण करने के लिए मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए काम तेजी से कराया जा रहा है।
लखनऊ-रायबरेली रेल खंड में उतरेटिया से कुंदनगंज तक दोहरीकरण कार्य पूरा कराया जा चुका है। इस समय कुंदनगंज से गंगागंज तक दोहरीकरण के कार्य को पूरा कराने में तेजी दिखाई जा रही है, क्योंकि इस हिस्से के कार्य का निरीक्षण करने के लिए मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त नवंबर महीने के दूसरे सप्ताह में आ रहे हैं। इसी वजह से छोटी-छोटी खामियों को दूर करने और अधूरे पड़े कार्यों को पूरा कराया जा रहा है।
इसी सिलसिले में हरचंदपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के निकट स्थित सिरसा घाट संपर्क मार्ग की रेलवे क्रॉसिंग को शुक्रवार दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रखा गया। क्रॉसिंग पर रोड ट्रैफिक के आवागमन को सुगम बनाने के लिए पत्थर बिछाए गए। हरचंदपुर-सिरसा घाट संपर्क मार्ग की क्रॉसिंग से होकर लगभग 25 गांवों के लोग राष्ट्रीय मार्ग तक पहुंचते हैं। क्रॉसिंग पर चल रहे कार्य के चलते चार घंटे तक रोड ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहा, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लाइन लगी रही। छोटे वाहन और ग्रामीण दूसरे रास्तों से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचे।
क्रॉसिंग बंद होने पर इधर से होकर गुजरने वाले वाहन अंगूरी गांव के पास हिलालगंज होकर हरचंदपुर गांव के पास बने अंडर पास पुल से होकर निकले। हरचंदपुर के स्टेशन अधीक्षक एसके त्रिपाठी ने बताया कि 10 नवंबर को मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त का निरीक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित है। दोहरीकरण कार्य को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को रेलवे क्रॉसिंग चार घंटे के लिए बंद रही।