गदागंज (रायबरेली)। दीनशाह गौरा ब्लॉक क्षेत्र में ओवरलोड डंपर निकलने से संपर्क मार्ग धंस गया। इससे चार पहिया वाहनों का आवागमन ठप हो गया है। अब वाहन आठ किलोमीटर घूमकर निकल रहे हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दीनशाह गौरा तिराहे से संपर्क मार्ग निकला है। तीन किलोमीटर मार्ग बेहीखोर तक गया है। बबलू, सुरेश, नितिन, जय प्रकाश ने बताया कि पूरे बखत गांव के पास से गैस पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोद दी गई थी।
कार्यदायी एजेंसी ने सड़क पर मिट्टी डलवाकर छोड़ दिया। अब डंपर निकलने से इसी जगह मिट्टी धंस गई है। इससे बड़ा गड्ढा हो गया। बरसात में गड्ढे में पानी भरने की वजह से सड़क धंस गई। इससे चार पहिया वाहन नहीं निकल पा रहे हैं।
अब वाहन आठ किलोमीटर घूमकर विश्वनाथगंज होते हुए निकलते हैं। खास बात यह है कि सीएचसी दीनशाह गौरा को जोड़ने वाला यही मुख्य मार्ग है। इससे तीमारदार और रोगियों को परेशानी हो रही है। उधर, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन आनंद कुमार तिवारी ने बताया कि सड़क धंसने की जानकारी नहीं है। सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा।