अमावां (रायबरेली)। मिल एरिया थाना परिसर में रविवार को एक दरोगा और चाय दुकानदार के बीच मारपीट हो गई। हद तो तब हो गई, जब थानेदार और पुलिस अफसरों को घटना की जानकारी दिए बगैर ही दरोगा ने दुकानदार का शांतिभंग में चालान कर दिया।
मामला उजागर हुआ तो हड़कंप मच गया। अवैध वसूली के पैसे के लेनदेन को लेकर दरोगा व दुकानदार के बीच मारपीट होने की बात सामने आई है। एसपी ने मामले की जांच सीओ सदर वंदना सिंह को सौंपी है।
अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के कोटवा निवासी हरिओम मिल एरिया थाने के पास चाय की दुकान चलाता है। दोपहर में हरिओम और मिल एरिया थाने में तैनात दरोगा अशोक कुमार के बीच मारपीट हो गई। अन्य पुलिस कर्मियों ने बीचबचाव कराया।
दरोगा का आरोप है कि हरिओम ने थाने के बाहर चाय की दुकान खोल रखी है। उसी दुकान की आड़ में वह मिल एरिया थाने में दलाली करता है। पीड़ितों से पैसा लेकर पुलिस वालों से गलत कार्रवाई कराता है। इसका विरोध किया तो दुकानदार ने उससे मारपीट की।
दुकानदार का आरोप है कि किसी काम के लिए दरोगा ने पैसे ले रखे थे, मगर काम नहीं कर रहे थे। विरोध करने पर दरोगा ने मारपीट कर उसका चालान कर दिया। देर शाम थानेदार रेखा सिंह ने प्रकरण की जानकारी एसपी को दी। कहा कि दरोगा ने उन्हें मामले की जानकारी नहीं दी और दुकानदार का शांतिभंग में चालान कर दिया। एसपी ने कहा कि मामले की जांच सीओ सदर वंदना सिंह को सौंपी है।