जगतपुर (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र में आठ महीने पहले बनाई सड़क पहली बारिश भी नहीं झेल पाई। बरसात में जलनिकासी के पाइप नहीं डालने से पानी के बहाव के साथ सड़क बह गई। इससे करीब 15 गांव के ग्रामीणों का लखनऊ-प्रयागराज हाईवे से संपर्क टूट गया है।
इन गांव के करीब 10 हजार ग्रामीणों को दूसरे रास्ते से होकर आना-जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण में धन का बंदरबाट किया गया है। सड़क तो बनाई गई, लेकिन पटरी का निर्माण नहीं कराया गया। उसी समय जलनिकासी के लिए पाइप डालने की मांग की गई थी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
लखनऊ-प्रयागराज हाईवे से बुढ़ानपुर मजरे कजियाना के लिए जाने वाले संपर्क मार्ग का निर्माण आठ महीने पहले कराया गया है। इस मार्ग के बनने से करीब 10 हजार लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिली। पहली बारिश में ही बुढ़ानपुर गांव के निकट संपर्क मार्ग बह गया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि जहां पर सड़क बही है, वहां बहुत खाली था। मिट्टी डालकर ठीक से कुटाई नहीं की गई। सड़क निर्माण के समय ग्रामीणों ने इसी जगह पर जलनिकासी के लिए पाइप डालने की मांग की थी, ताकि बारिश का पानी निकल जाए। लेकिन बिना पाइप डाले ही सड़क बना दी गई। यही वजह है कि अधिक पानी से सड़क बह गई।
इन गांवों के लोग हुए प्रभावित
संपर्क मार्ग बहने से बुढ़ानपुर के अलावा मीरापुर, मुराईन का पुरवा, कजियाना, मंगतनपुरवा, मतीनगंज समेत 15 गांव के लोगों को आने-जाने के लिए यह सीधा रास्ता है। इसके अलावा मंझलेपुर रेलवे स्टेशन जाने के लिए लोग इसी मार्ग से आते-जाते हैं।
बरसात में संपर्क मार्ग बहने से अब लोगों को दूसरे रास्ते से होकर आना-जाना पड़ रहा है। आलेहसन, राम दुलारे, अमरनाथ, ब्रजमोहन, राशिद अली ने संपर्क मार्ग की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
जल्द कराया जाएगा निर्माण
सड़क बहने की जानकारी हुई है। सहायक अभियंता व जेई को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। आवागमन के लिए पाइप डालकर संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा, ताकि लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।
-सुभाषचंद्र, एक्सईएन, लोक निर्माण खंड प्रथम