रायबरेली। कावड़ यात्रा को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने बृहस्पतिवार को सलोन और महराजगंज में अभियान चलाया। सलोन में आरओ प्लांट के संचालन पर रोक लगाते हुए मशीन को सील कर दिया। अभियान में पोषाहार, दाल, सरसों के तेल समेत 11 खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। सेंवई के 20 पैकेट जब्त कर लिया। प्रतिष्ठानों में खामियां मिलने पर संचालकों को नोटिस दिया गया।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचनलता तिवारी व शेफाली रस्तोगी की टीम ने सलोन में कुश त्रिपाठी के आरओ प्लांट को आवश्यक खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन न मिलने पर बंद करा दिया। पंकज टी स्टॉल सलोन से कालाजाम, बबलू साहू किराना स्टोर केवली महिमा से ब्रांड मोती सेवई का नमूना भरा। सेंवई के पैकेट जब्त किए गए। प्लाजा मार्केट सलोन से पतंजलि ब्रांड बादाम व किशमिश का नमूना भरा।
दूसरी टीम ने महाराजगंज में कार्रवाई की। अंकित आइसक्रीम निर्माण शाला से आइसकैंडी घोल, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय थुलवासा से तैयार दाल व सरसों तेल का नमूना भरा। आंगनबाड़ी केंद्र टूक से पोषाहार के तीन नमूने लिए। बीटीसी चाय वाला बछरावां से दही का नमूना भरा।