विकासखंड खीरों के मेडौली गांव में बृहस्पतिवार को हुए दंगल में दमखम दिखाते पहलवान।
खीरों। विकासखंड के मेडौली गांव में बृहस्पतिवार को बाबा निर्मलदास कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रायबरेली समेत विभिन्न जिलों से पहुंचे करीब 40 पहलवानों के बीच 20 मुकाबले हुए। पहलवानों के दांव-पेच देखने के लिए दर्शक मौजूद रहे।
फाइनल मुकाबले में झबरा, रायबरेली के पहलवान रिहान ने उन्नाव के दिलीप पहलवान को पटखनी देकर दंगल केसरी का खिताब अपने नाम किया। विजेता पहलवान को ग्राम प्रधान दिनेश बाबू भारती, शिवराम सिंह और धुन्नी सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में दिल्ली, उन्नाव, कानपुर, लखनऊ और रायबरेली समेत कई जिलों के पहलवानों ने प्रतिभाग किया। अन्य मुकाबलों में रायबरेली के सत्येंद्र सिंह ने लालगंज के कलाम, उन्नाव के दिलीप ने दिल्ली के कुलतार सिंह, लखनऊ के अमरेश ने रायबरेली के टिंकू और पलटीखेड़ा के कुनाल सिंह ने लालगंज के लवकुश को हराया।
विभिन्न मुकाबलों के विजेता पहलवानों को राजकुमार मिश्रा, संतोष पासी, राजन सिंह, शिवराज पासी, सूर्यप्रकाश और गौरव सिंह समेत अन्य लोगों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कुश्ती प्रतियोगिता के साथ लगे विशाल मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पहुंचे।