रायबरेली। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए वोटरलिस्ट तैयार होनी है। राज्य निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची के पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम आ गया है। शुक्रवार से बीएलओ को क्षेत्र आवंटन का काम शुरू कर दिया गया। संशोधित कार्यक्रम के तहत बीएलओ को अब 13 अगस्त के स्थान पर 18 अगस्त तक क्षेत्र आवंटन किया जाएगा।
पहले बीएलओ को 13 अगस्त से घर-घर जाकर नए वोटरों को जोड़ने के लिए फार्म भरना था लेकिन अब यह काम 19 अगस्त से शुरू होगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी अब 19 अगस्त से 22 सितंबर के बीच पूरी करनी होगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2026 के लिए पहली जनवरी 2025 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले सभी योग्य मतदाताओं को वोटर बनाया जाना है। यह गांवों का सबसे बड़ा चुनाव होता है। हर ग्राम पंचायत में प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए एक-एक वोट के लिए मारामारी रहती है।
जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए भी चुनाव होना है। वर्ष 2026 में पंचायत चुनाव प्रस्तावित है। चुनाव से पहले मतदाता सूची का प्रकाशन होता है। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसके लिए सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित किया था लेकिन अब कार्यक्रम में आंशिक संशोधन कर दिया गया है।
मतदाता सूची के पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम
18 जुलाई से 18 अगस्त तक बीएलओ को कार्यक्षेत्र का आवंटन।
19 अगस्त से 29 सितंबर तक वोटरों का घर-घर पहुंचकर सर्वे।
19 अगस्त से 22 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन।
23 सितंबर से 29 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदनों की घर जाकर जांच।
30 सितंबर से 24 नवंबर तक वोटर लिस्ट की डिजिटल कॉपी तैयार करना।
25 नवंबर से 04 दिसंबर तक बूथों की नंबरिंग व मैपिंग।
05 दिसंबर को अनंतिम सूची के आलेख का प्रकाशन।
06 से 12 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां प्राप्त करना।
13 से 19 दिसंबर तक दावों व आपत्तियों का समाधान।
15 जनवरी 2026 को फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची का पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम आ गया है। 18 जुलाई से बीएलओ को क्षेत्र आवंटन का काम शुरू हो गया है। अब 18 अगस्त तक यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद 19 अगस्त से बीएलओ घर-घर जाकर नए वोटर बढ़ाएंगे। 15 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
-विनायक शुक्ला, सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय)