फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: टैंकर पलटने से रिटायर फौजी की मौत

Wed, 23 Jul 2025 01:10 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
खीरों थाना क्षेत्र में हादसे के बाद पलटा टैंकर।
विज्ञापन
खीरों (रायबरेली)। कानपुर-उन्नाव हाईवे पर शाम करीब छह बजे केमिकल से भरा टैंकर पलट गया। टैंकर हाईवे पर 50 मीटर तक घिसटता चला गया। टैंकर के नीचे दबने से रिटायर फौजी की मौत हो गई। एक छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। दो अन्य छात्र मामूली रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन


उन्नाव की तरफ से केमिकल लादकर टैंकर लालगंज की तरफ जा रहा था। सेमरी चौराहे के पास अचानक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे टैंकर में भरे केमिकल के जमीन पर गिरने से धुएं का गुबार उठा। आसपास लोगों में भगदड़ मच गई। सेमरी चौराहा निवासी रिटायर फौजी जगदीश कुरील (46) पुत्र अयोध्या पेट्रोलपंप जा रहे थे।

बैरीसालखेड़ा निवासी प्रियांशू (15) गांव के ही दो दोस्तों संदीप (15), ओमजी (14) के साथ अलग-अलग साइकिलों पर सवार होकर कोचिंग पढ़ने के लिए सेमरी चौराहा जा रहे थे। रिटायर फौजी और प्रियांशू टैंकर के नीचे दब गए। संदीप, ओमजी टक्कर लगने से दूर जा गिरे। हादसे में रिटायर फौजी की मौत हो गई, जबकि छात्र प्रियांशू केमिकल के चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। उनके दो साथी घायल हो गए।
विज्ञापन


हादसा इतना दर्दनाक था कि रिटायर फौजी के शरीर का आधा हिस्सा हाईवे से नीचे जमीन पर गिर गया, जबकि शेष भाग टैंकर के नीचे दब गया। एक जेसीबी और तीन क्रेन की मदद से टैंकर को खड़ाकर हाईवे से बाहर कराया गया। चालक-क्लीनर मौके से भाग निकले। गंभीर रूप से झुलसे छात्र को सीएचसी लालगंज भेजा गया है। घायल दो छात्रों का सीएचसी खीरों में इलाज कराया गया। हादसे में बाइक और साइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं।


पेट्रोल भरवाने निकले थे जगदीश कुरील
रिटायर फौजी जगदीश कुरील मूलरूप से सरेनी थाना क्षेत्र के मरघटी का पुरवा के रहने वाले थे, लेकिन करीब चार साल से सेमरी चौराहा पर मकान बनाकर परिवार समेत रहते थे। जगदीश की मौत से पत्नी रेखा और बेटे अमन (13), बेटी पूजा (15) के आंसू नहीं थम रहे हैं। बिलख रही पत्नी की जुबां से यही बात निकल रही है कि कहा था कि बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए जा रहे हैं, जल्द लौट आएंगे... यह सब कैसे हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें