रायबरेली। ऊंचाहार के नेवादा गांव के पास शुक्रवार शाम को तेज रफ्तार कार की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में रिटायर्ड होमगार्ड रामप्यारे (66) की मौत हो गई। वह ससुराल से बाइक पर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद कार चालक भाग गया।
दौलतपुर गांव निवासी रामप्यारे पुलिस विभाग के होमगार्ड पद से नौ वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे। शुक्रवार को वो बाइक से जगतपुर थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर गांव बाइक से ससुराल गए थे, जहां से देर शाम लौट घर रहे थे। लखनऊ प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के बाबूगंज बाईपास पर नेवादा गांव के पास कार से उनकी बाइक टकरा गई।
इससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। लोगों ने उन्हें इलाज के लिए जगतपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से परिजन बेहाल हैं। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सियाराम राजपूत ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।