जिला अस्पताल की ओपीडी में कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़।
रायबरेली। जिला अस्पताल के दंत रोग विभाग में संचालित पर्चा काउंटर का प्रिंटर खराब होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए दूसरे काउंटरों पर जाना पड़ा। एक फिजीशियन के छुट्टी पर होने के कारण भी ओपीडी में मरीजों को दिक्कत हुई।
पर्चा बनवाने के बाद मरीजों को चिकित्सकों के कक्षों के बाहर घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1800 से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे। बुखार से पीड़ित 15 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया।
रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार सुबह जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। दंत रोग विभाग में पर्चा बनवाने पहुंचे मरीजों को काउंटर का प्रिंटर खराब होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्हें दूसरे काउंटरों से पर्चा बनवाने की सलाह दी गई। पहले से ही भीड़ होने के कारण मरीजों को वहां भी इंतजार करना पड़ा। पर्चा बनवाने के बाद भी उन्हें ओपीडी कक्षों के बाहर अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ा।
फिजीशियन डॉ. प्रदीप कुमार के छुट्टी पर होने से मरीजों को दूसरे चिकित्सकों के कक्षों में जाकर परामर्श लेना पड़ा। इसके अलावा दवा वितरण काउंटर और पैथोलॉजी में भी मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। सीएमएस पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि दंत रोग विभाग के पर्चा काउंटर का खराब प्रिंटर मरम्मत के लिए भेजा गया है। ओपीडी में मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है।
चीफ फार्मासिस्ट की बिगड़ी तबीयत
जिला अस्पताल के चीफ फार्मासिस्ट एवं स्टोर प्रभारी आनंद देव सिंह की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होने पर उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जांच में उनका ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ मिला। ईसीजी जांच के बाद उनका उपचार शुरू किया गया। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनुराग शुक्ला ने बताया कि चीफ फार्मासिस्ट को इमरजेंसी में भर्ती कर उपचार किया गया। उनकी हालत ठीक है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़।