हरचंदपुर थाना क्षेत्र में प्रधान पुत्र हत्याकांड में परिजनों व पुलिस से बातचीत करते पूर्व विधाय
हरचंदपुर-बछरावां। छतैया गांव के ग्राम प्रधान गनेश प्रसाद के बेटे रमाकांत (30) की हत्या के बाद रविवार को परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। बछरावां कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल को निलंबित करने की मांग की।
पूर्व विधायक राकेश सिंह और सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने परिजनों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया। इसके बाद रमाकांत का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने आरोपी दंपती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के छतैया गांव निवासी रमाकांत की शनिवार दोपहर बछरावां के खैरहनी गांव में ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, वारदात को खैरहनी निवासी सुरेंद्र रावत ने पत्नी सोनी और उसके देवर वीरेंद्र के साथ मिलकर की थी। बताया गया कि रमाकांत और सोनी के बीच प्रेम संबंध था और वह उससे मिलने खैरहनी गांव पहुंचा था। तभी उसकी हत्या कर दी गई।
रविवार सुबह घटना से आक्रोशित परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। उनका आरोप था कि वीडियो वायरल होने के बाद बछरावां पुलिस से शिकायत की गई थी लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी दंपती और वीरेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने कहा था, अबकी आए तो मार देना...
हत्या के दूसरे दिन रविवार को सोशल मीडिया पर घटना से संबंधित एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में आरोपी दंपती घटनास्थल पर दिखाई दे रहे हैं और सड़क पर रमाकांत का शव पड़ा है। वीडियो में दंपती कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि उन्होंने रमाकांत के खिलाफ बछरावां कोतवाली में तीन बार प्रार्थनापत्र दिया था लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उनके अनुसार, पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर कहा था कि रमाकांत दोबारा गांव आए तो उसे मार देना। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।