रायबरेली। शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ डीएम वैभव श्रीवास्तव की फटकार रंग लाने लगी है। आरडीए के इंजीनियरों की टीम ने बुधवार को भी लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर त्रिपुला चौराहा के पास अवैध रूप से खड़े दो कांप्लेक्स को सील कर दिया।
हालांकि अवैध भवनों के मालिकों ने सीलिंग का विरोध किया, लेकिन मिल एरिया पुलिस को बुलाए जाने की चेतावनी के बाद विरोध करने वाले चले गए। उन्नत बाजार और अमरोहा टाइल्स सेंटर के कांप्लेक्स आरडीए के इंजीनियरों की लापरवाही से ही खड़े हो गए थे।
पिछले सप्ताह डीएम वैभव श्रीवास्तव ने सिविल लाइन से त्रिपुला तक अवैध निर्माणों की जांच की थी। जांच में सिविल लाइन स्थित त्रिभुवन नाथ यादव का भवन तय मानकों के विपरीत मिलने के बाद डीएम ने मंगलवार को ही उसे सील करवा दिया है।
डीएम ने अन्य हाईवे के किनारे बिना मानक के खड़े अवैध कांप्लेक्सों को सील करने के आदेश दिए थे। डीएम के आदेश पर बुधवार को आरडीए के सहायक अभियंता एम. अहमद, राजीव कुमार, अवर अभियंता महेंद्र सिंह, धनेश कुमार, धर्मेंद्र सिंह आदि इंजीनियरों की टीम त्रिपुला चौराहा पहुंची।
टीम ने सबसे पहले चौराहा के बगल ही स्थित नरेंद्र चौधरी के उन्नत बाजार कांप्लेक्स को सील करने का प्रयास किया। हालांकि कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया। टीम ने मिल एरिया थाने की पुलिस बुलाने की चेतावनी दी तो विरोध करने वाले चले गए।
टीम ने भवन को सील कर दिया। इस अवैध भवन में कई निजी दफ्तर भी संचालित हो रहे थे। आरडीए की टीम ने एनएसपीएस स्कूल के सामने स्थित दीप जायसवाल के अमरोहा टाइल्स के कांप्लेक्स को भी सील कर दिया। दोनों ही सील भवनों को मिलएरिया पुलिस की अभिरक्षा में दिया गया है। आरडीए के सचिव ने बताया कि दो और अवैध भवनों को सील कराया गया है। कई भवनों के मालिकों को नोटिस दिया है। जल्द ही उन्हें भी सील कराया जाएगा।
मुंशीगंज में पांच अवैध भवनों का चालान
मुंशीगंज कस्बे में धड़ल्ले से चल रहे पांच अवैध भवनों को आरडीए के अवर अभियंता महेंद्र कुमार शर्मा ने सील कर दिया है। जेई ने बताया कि मुंशीगंज पुलिस चौकी के सामने अक्षयवर नाथ व नीरज कुमार के भवन का चालान किया गया है। इसके अलावा डलमऊ रोड मुंशीगंज में देवीशंकर, राजनारायण गुप्ता और सिमरन चावला के निर्माणाधीन भवन का भी चालान किया गया है। निर्माण कार्य को बंद करवाने के लिए भदोखर पुलिस को पत्र भेजा गया है।