फारुख के कार्ड में दिनेश, उमेश व सोनी भी शामिल
दीनशाह गौरा ब्लॉक के टीकर अगाचीपुर गांव में राशन कार्ड संख्या 215840929477 मो. फारुख के नाम से बना है। इस कार्ड में आठ यूनिट शामिल है। इस कार्ड में फारुख के परिवार के साथ ही दिनेश, उमेश और सोनी का नाम शामिल करके राशन डकारा जा रहा है। लंबे समय से यह खेल जारी है।
केस दो-
कमला के राशन कार्ड में शाहीन बानो ले रहीं राशन
टीकर अगाचीपुर गांव में राशन कार्ड संख्या 215830129550 के सहारे भी कोटेदार हर महीने राशन डकार रहा है। यह कार्ड गांव की कमला के नाम जारी किया है। कार्ड में पांच यूनिटें शामिल हैं। कार्ड में शाहीन बानो को भी शामिल करके हर महीने राशन डकारा जा रहा है, जबकि कार्डधारक को कम राशन मिल रहा है।
केस तीन-
परिवार में तीन सदस्य, राशन कार्ड नौ यूनिट का जारी
नौ यूनिट के बने राशन कार्ड संख्या 215840555698 में भी खेल किया गया है। कौशल्या के नाम जारी इस कार्ड में छह लोगों को फर्जी नाम शामिल किए गए हैं। कार्डधारक को तीन यूनिट का ही राशन अंगूठा लगाने पर मिल रहा है, लेकिन हर महीने नौ यूनिटों का राशन डकारा जा रहा है। इसी तरह और कार्डों में भी घालमेल हुआ है।
रायबरेली। दीनशाह गौरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत टीकर अगाचीपुर गांव में कोटेदार ने गरीबों के राशन को डकारने के लिए नया फार्मूला निकाला है। राशन कार्डों में फर्जी नाम दर्ज कराकर हर महीने लाखों का राशन उड़ाया गया है।
कहीं हिंदुओं के राशन कार्ड तो कहीं मुस्लिमों के नाम जारी राशन कार्ड में फर्जी यूनिटें शामिल की गई है। ग्रामीणों की शिकायत पर कोटे की दुकान को निलंबित कर दिया गया है। अब ग्रामीणों ने डीएम को शपथपत्र देकर कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने के साथ ही डकारे गए राशन की वसूली करवाने की मांग की है।
डीएम को दिए शिकायतीपत्र में टीकर अगाचीपुर गांव के रहने वाले शैलेेंद्र सिंह, सुनील कुमार सिंह, फूलचंद्र, राममिलन, शीला देवी, देशराज, सगीता, बाबूलाल आदि ने शपथ पत्र के माध्यम से आरोप लगाया कि करीब डेढ़ सौ राशन कार्डों में घपला करके कोटेदार वर्षों से राशन डकार रहा है।
लोगों की मौत होने के बाद भी उनके नाम का राशन डकारा जा रहा है। आरोप लगाया कि कोटे की दुकान को तो निलंबित कर दिया गया है, लेकिन अब तक कोटेदार संतलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है। मुकदमा दर्ज करवाकर डकारे गए राशन की वसूली की जाए।
प्रथम दृष्टया गड़बड़ी मिलने पर कोटे की दुकान को निलंबित कर दिया गया है। ग्रामीणों का शपथपत्र मिला है। तहसील के अधिकारियों के साथ शपथ पत्रों की जांच कराकर मामले में कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। डकारे गए राशन की रिकवरी भी कराई जाएगी।
- पीएन पाल, एआरओ डलमऊ