रायबरेली। रेल लाइन दोहरीकरण के लिए इस समय रेलवे स्टेशन पर जोरशोर से काम चल रहा है। एक तरफ नया प्लेटफार्म तैयार किया जा रहा है तो दूसरी तरफ प्लेटफार्म नंबर दो और तीन को तोड़ने से पहले उस पर लगे उपकरण खोलने शुरू कर दिए गए हैं।
जैसे ही नया प्लेटफार्म शुरू हो जाएगा, पुराना प्लेटफार्म तोड़ दिया जाएगा। बगैर प्लेटफार्म तोड़े दोहरीकरण के लिए नई रेल लाइन नहीं बिछाई जा सकेगी। रेलवे स्टेशन पर चल रहे काम को देखते हुए रोज ट्रैफिक ब्लॉक लेना पड़ रहा है।
रूपामऊ से गंगागंज के बीच दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। दोनों स्टेशनों के बीच स्थित रायबरेली जंक्शन पर भी काफी काम कराया जाना है, जिसे पूरा करने के लिए काफी समय से काम चल रहा है। अब इस काम में और तेजी आई है।
अभी रेलवे स्टेशन पर चार प्लेटफार्म हैं, जिसमें से प्लेटफार्म नंबर दो और तीन को तोड़ा जाना है। इसे तोड़े बगैर दोहरीकरण की मेन लाइनें नहीं निकाली जा सकेंगी।
इस प्लेटफार्म को तोड़ने से पहले नया प्लेटफार्म बनाने का काम चल रहा है। जिस प्लेटफार्म को तोड़ा जाना है, उस पर लगे उन उपकरणों और संसाधनों को हटाया जा रहा है, जिनका उपयोग नहीं हो रहा है।
जैसे ही नया प्लेटफार्म शुरू हो जाएगा, पुराने प्लेटफार्म को तोड़कर उस पर नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। नए बनाए जा रहे प्लेटफार्म से स्टेशन के बाहर आने के लिए नया फुट-ओवरब्रिज भी बनाया जा रहा है।
ट्रैफिक ब्लॉॅॅॅक से ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं
रेलवे स्टेशन पर चल रहे काम को देखते हुए इस समय रोजाना ट्रैफिक ब्लाक लेना पड़ रहा है। हालांकि ट्रेनों के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। दोहरीकरण के साथ ही रेलवे स्टेशन पर काफी कार्य एक साथ कराए जा रहे हैं।
ट्रेनों का आवागमन भी हो रहा है। यही वजह है कि ट्रैफिक ब्लॉक लेना पड़ रहा है। ट्रेनों के संचालन पर कोई प्रभाव न पड़े, इसके लिए प्लेटफार्म नंबर एक, दो या तीन में से किसी एक को ट्रैफिक ब्लॉक से अलग रखा जाता है। सिर्फ एक लाइन से ट्रेनें आती-जाती रहती हैं और बाकी लाइनें ब्लॉक रहती हैं। यह कोशिश भी की जाती है कि ट्रैफिक ब्लॉक उसी समय लिया जाए, जब ट्रेनों का आवागमन नहीं होता है।
16.75 किमी. का दोहरीकरण बाकी
लखनऊ से अमेठी के बीच 125.7 किमी. की रेल लाइन में 108.96 किमी. रेल लाइन का दोहरीकरण पूरा हो चुका है। इसमें उतरेटिया से गंगागंज के बीच करीब 57.82 किमी., जायस से अमेठी के बीच 31.42 किमी. और रूपामऊ से जायस के बीच 19.72 किमी. दोहरीकरण शामिल है। गंगागंज से रायबरेली होते हुए रूपामऊ तक 16.75 किमी. रेल लाइन का दोहरीकरण बाकी है, जिसे तेजी से पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। यह माना जा रहा है कि दो महीने में काम पूरा हो जाएगा।
इस समय रूपामऊ-गंगागंज खंड का दोहरीकरण चल रहा है। इसीलिए रायबरेली स्टेशन पर भी तेजी से काम चल रहा है, जिसके लिए ट्रैफिक ब्लाक लेना पड़ रहा है। हालांकि ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं है। स्टेशन पर नया प्लेटफार्म और फुट-ओवरब्रिज बन रहा है। इसके पूरा होते ही पुराना प्लेटफार्म तोड़ दिया जाएगा।
-राकेश कुमार, स्टेशन अधीक्षक।