रायबरेली। जिले की दो और रेलवे क्रॉसिंग अपग्रेड हो गईं हैं। मैनुअल सिग्नल सिस्टम और मैकेनिकल गेट को हटा दिया गया है। इनकी जगह कलर लाइट सिग्नल और इलेक्ट्रिकल गेट लगा दिए गए हैं। रविवार को पूरे दिन चले काम के बाद दोनों रेलवे क्रॉसिंग को तैयार कर दिया गया। ये दोनों गेट रायबरेली-ऊंचाहार रेल मार्ग पर पड़ते हैं। इस रूट पर विद्युतीकरण भी कराया जा रहा है।
शहर में नेहरू नगर (बरगद चौराहा) स्थित क्रॉसिंग संख्या 25-ए और दरियापुर से लक्ष्मणपुर स्टेशनों के बीच बेलाभेला स्थित क्रॉसिंग संख्या 19-सी पर कलर लाइट सिग्नल और इलेक्ट्रिकल गेट लगाए गए हैं। अभी तक इन दोनों क्रॉसिंग पर पुराने सिस्टम लगे थे।
यानी पुरानी सिग्नल लाइटें और मैनुअल लिफ्टिंग बैरियर लगे थे। रायबरेली-ऊंचाहार रेल लाइन का विद्युतीकरण चल रहा है, इसलिए इस रूट पर पड़ने वाली सभी क्रॉसिंग और सिग्नल भी दुरुस्त किए जा रहे हैं।
इस रूट पर नेहरू नगर और बेलाभेला की क्रासिंग पुराने सिस्टम से चल रही थीं। कलर लाइट सिग्नल लगाने के साथ ही इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर यानी इलेक्ट्रिकल गेट लगा दिए गए हैं। सीनियर सेक्शन इंजीनियर (सिग्नल) सौरभ सिंह ने बताया कि गेट संख्या 25-ए और 19-सी पर नए सिग्नल लगाने के साथ ही इलेक्ट्रिकल गेट भी लगा दिए गए हैं। इसके लिए चार घंटे का सिग्नल ब्लॉक लिया गया था।