लालगंज (रायबरेली)। कस्बे में रायबरेली रोड की रेलवे क्रॉसिंग संख्या 71-बी का बैरियर आंधी से बुधवार शाम टेढ़ा होकर झूलने लगा। जिससे फाटक बंद करना मुश्किल हुआ तो वैकल्पिक व्यवस्था कर रोड ट्रैफिक रोका और ट्रेनें पास कराईं। घटना से लालगंज रेलवे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई।
क्रॉसिंग का बैरियर रोड की तरफ झूलने लगा तो सड़क से निकलने वाले वाहन चालकों को किसी हादसे का अंदेशा रहा। आंधी के कारण गेट क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसकी मरम्मत के लिए सिग्नल इकाई की टीमें लगी हैं। क्रॉसिंग संख्या 72-बी पर भी आंधी से तकनीकी खामी आई, जिसे ठीक करने के लिए कर्मचारियों को लगा दिया गया है। जल्दी ही दोनों क्रॉसिंगों पर गेट ठीक कर लिए जाने की बात कही जा रही है। स्टेशन अधीक्षक शंभूनाथ सोनकर ने बताया कि दोनों क्रॉसिंगों पर मरम्मत का कार्य पूरा कराने का प्रयास हो रहा है। ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।
मरम्मत कार्य के लिए चार घंटे बंद रहे एस्केलेटर
रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगे एस्केलेटर बुधवार को चार घंटे तक बंद रहे। इससे यात्रियों को पैदल ही सीढि़यां चढ़कर पुल के जरिए दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाना पड़ा। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पश्चिमी छोर के पैदल पुल पर चढ़ने और उतरने के लिए स्वचालित सीढि़यां लगी हैं, जिन पर सुबह से दोपहर तक करीब चार घंटे तक मरम्मत कार्य चला। एस्केलेटर के पास ऊपर और नीचे बैरीकेडिंग लगा दी गई थी, ताकि कोई भी यात्री स्वचालित सीढ़ी तक न बढ़ सके। रेलवे के विद्युत अभियंता एसएम मीणा ने बताया कि रूटीन मेंटीनेंस के लिए लखनऊ से आई टीम काम कर रही थी, जिसकी वजह से एस्केलेटर बंद किए गए। यात्रियों को नियमित रूप से सुविधा मिल सके, इसलिए समय-समय पर मेंटीनेंस जरूरी होता है। (संवाद)
ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ी, यात्री परेशान
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें बुधवार को काफी विलंब से पहुंची, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर ने सवा छह घंटे इंतजार कराया। बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, प्रयागराज से गोरखपुर जाने वाली वंदेभारत व प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ढाई घंटे, बनारस से देहरादून जाने वाली जनता मेल दो घंटे विलंब से आई। पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल व अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल एक घंटे, दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस आधे घंटे देर से पहुंची। कानपुर में गंगा पुल पर ट्रैक मरम्मत की वजह से कई ट्रेनें नहीं आईं। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि विलंब से आने वाली सभी ट्रेनें पहले से लेट होने के कारण देर से आई हैं। (संवाद)