बछरावां। लखनऊ-रायबरेली रेल मार्ग पर बछरावां-कुंदनगंज रेलखंड में पहुरावां गांव के निकट ट्रैक पर काम कर रही मशीन के दो पहिये पटरी से उतर गए। इससे पांच घंटे तक रेल यातायात ठप रहा। वंदेभारत, पंजाब मेल समेत चार महत्वपूर्ण ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोकना पड़ा। लखनऊ से आई एक्सिडेंटल रिलीफ ट्रेन (एआरटी) ने मशीन को वापस पटरी पर रखा। ट्रैक में आई खामियों को दूर करने के बाद ट्रेनों को पास कराया गया।
वरिष्ठ खंड अभियंता (रेल पथ) विजय कालरा ने बताया कि प्राथमिक रूप से घटना की छानबीन करने के साथ ही क्षति का आकलन कराया जा रहा है। उच्च स्तरीय जांच के लिए भी टीम बनाई जा सकती है। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि शाम छह बजे के बाद ट्रेनों का आवागमन सामान्य हो गया है। कुंदनगंज-बछरावां रेलखंड में डाउन लाइन पर ट्रैक मेंटीनेंस का काम चल रहा था। गिट्टियों को ठीक करने के लिए मशीन दौड़ाई जा रही थी, जिसके दो पहिये दोपहर लगभग 1:20 बजे पटरी से उतर गए। शाम 4 बजे के बाद लखनऊ से एआरटी पहुंचने के बाद राहत कार्य शुरू हुआ। इसके बाद शाम 6 बजे के बाद यातायात सामान्य हुआ तो ट्रेनों का आवागमन पुन: शुरू कराया गया।
इस घटना के अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल बछरावां में चार घंटे , आनंद विहारी-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस निगोहा में सवा घंटे रुकी, टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस को मोहनलालगंज और निगोहा में रोका गया। ट्रैक पर काम कर रही मशीन के डिरेल होने से सबसे ज्यादा प्रभावित पंजाब मेल ट्रेन हुई। बछरावां में प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पंजाब मेल चार घंटे खड़ी रही। इस ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। इस दौरान कई बार यात्रियों ने हंगामा किया तो उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया गया।