रायबरेली। दीपावली पर घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री और मिलावटखोरी को रोकने के लिए शनिवार को निकली एफएसडीए व पुलिस की टीम को बड़ी सफलता मिली। टीम ने लालगंज में छापा मारकर करीब एक लाख कीमत के छह क्विंटल चीनी की गट्टे और ढाई क्विंटल बेसन जब्त कर किया। 30 किलो सैंड स्टोन भी जब्त किया गया।
प्रथमदृष्टया जांच में तीनों खाद्य पदार्थ मानकों पर खरे न उतरने पर उनके नमूने सील करके विधि विश्लेषक प्रयोगशाला लखनऊ भेजा गया। बड़ी कार्रवाई से लालगंज कस्बे में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार दुकानें बंद करके भाग निकले।
एफएसडीए के आयुक्त के आदेश पर शनिवार को एफएसडीए के अभिहित अधिकारी इंद्र बहादुर यादव खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम लेकर लालगंज कस्बे में पहुंचे। टीम ने हरिशंकर की दुकान पर छापा मारा तो यहां मिलावटी बेसन मिला। पड़ताल में प्रथम दृष्टया बेसन मानकों पर खरा नहीं उतरा तो एफएसओ स्वाती सिंह ने नमूना भरने के साथ ही करीब ढाई क्विंटल बेसन जब्त कर लिया।
इसी दुकान पर चीनी के बने गट्टे को चेक किया गया तो उसकी गुणवत्ता भी खराब मिली। एफएसओ अपराजिता त्रिपाठी ने गट्टे का नमूना सील करने के साथ ही करीब छह क्विंटल गट्टे को जब्त किया। इसके अलावा एफएसओ अपराजिता त्रिपाठी ने सैंड स्टोन का नमूना भरा। साथ ही करीब 30 किलो सैंड स्टोन जब्त कर लिया।
छापे के दौरान एफएसओ अंजली श्रीवास्तव कृष्णाकांत व अन्य शामिल रहे। अभिहित अधिकारी इंद्रबहादुर यादव ने बताया कि बेसन, चीनी के गट्टे और सैंड स्टोन को जब्त करने के साथ ही तीनों के नमूने भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।