रायबरेली। एफएसडीए के आयुक्त के निर्देश पर वेटनरी दवाओं व कॉस्मेटिक उत्पादों की गुणवत्ता की जांच के लिए शनिवार को ड्रग इंस्पेक्टर दीपक शर्मा ने सलोन कब्जे के मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। छापे के दौरान दो दुकानों पर तीन साबुनों के नमूने सील किए। छापेमारी के दौरान कई मेडिकल स्टोर संचालक दुकानें बंद करके भाग निकले।
संबंधित दुकानों के संचालक को नोटिस देकर जवाब मांगने के आदेश दिए गए हैं। छापेमारी सेे दुकानदारों में हड़कंप रहा। जिले के मेडिकल स्टोरों पर मनुष्यों से जुड़ी दवाओं के नमूनों की जांच हो रही थी। अब पशुओं के लिए आने वाली दवाओं के साथ ही कॉस्मेटिक उत्पादों की गुणवत्ता की भी जांच शुरू की गई है।
आयुक्त के निर्देश पर डीआई ने शनिवार को सलोन कस्बे में कृष्णा मेडिकल स्टोर से केटोस्टार व स्काबेलाइस साबुन का नमूना सील किया। इसके अलावा कौशल मेडिकल स्टोर से टेटमोसॉल साबुन का नमूना भी सील किया गया।
कई संचालक मेडिकल स्टोर बंद करके भाग गए। ड्रग इंस्पेक्टर दीपक शर्मा ने बताया कि सलोन में तीन साबुन के नमूने भरे गए हैं। जिन मेडिकल स्टोर संचालकों ने दुकानें बंद कर दी थी, उन्हें नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।