रायबरेली। नगर पंचायत सलोन के परशदेपुर रोड स्थित अवैध रूप से संचालित नर्सिंगहोम में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा। टीम के पहुंचने से पहले ही संचालक नर्सिंगहोम में ताला लगाकर भाग गया। टीम ने नर्सिंगहोम में नोटिस चस्पा कर दिया है। संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बिना लाइसेंस संचालित इस अस्पताल में झोलाछाप नवजातों का इलाज कर रहे थे।
सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद सीएमओ के आदेश पर शनिवार को एसीएमओ डॉ. तारिक इकबाल टीम के साथ सलोन के परशदेपुर बाईपास के पास जांच करने पहुंचे। यहां ‘गीता नर्सिंगहोम’ के नाम से बोर्ड लगाकर अस्पताल संचालित किया जा रहा था। टीम के पहुंचने से पहले ही संचालक बोर्ड हटाकर अस्पताल में ताला लगाकर भाग गया।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 29 सितंबर को सलोन के एसडीएम और सीएचसी अधीक्षक ने नर्सिंगहोम का निरीक्षण कर संचालक को नोटिस दिया था। इसके बावजूद अस्पताल संचालित किए जाने की जानकारी पर शनिवार को टीम ने दोबारा जांच की। उधर, सलोन सीएचसी अधीक्षक ने पत्र जारी कर नर्सिंगहोम को बंद करने के निर्देश दिए हैं। यह नोटिस भी नर्सिंगहोम में चस्पा कर दिया गया है।
सीएमओ डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद शनिवार को जांच के लिए टीम भेजी गई थी। परशदेपुर रोड स्थित गीता नर्सिंगहोम के अवैध रूप से संचालित होने की जानकारी मिली है। जांच टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।