रायबरेली। दिवाली को लेकर शुरू हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार की देरशाम स्पाइस पार्क में बड़ी कार्रवाई की। घटिया प्रतीत होने पर 575 किलोग्राम मसाले को जब्त करने के साथ ही नष्ट करा दिया। परिसर में खामियां मिलने पर संचालक को सुधार नोटिस दी गई।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने स्पाइस पार्क स्थित हिंदुस्तान एग्रो फूड्स के मसाला की निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। एफएसओ सुमांशु सचान व उदय राज मौर्य की टीम ने मसालों की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान में मसालों का उत्पादन कार्य बंद मिला। मौके पर मिले मसाले मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत होने की दशा में 575 किलोग्राम मसाले को नष्ट करा दिया। नष्ट कराए गए मसाले की कीमत 66420 रुपये बताई गई। खामियां मिलने पर कारोबारी को नोटिस देकर जवाब मांगा गया।
टीम ने प्रतापगढ़ रोड स्थित खाटू श्याम इंटरप्राइजेज के कारखाने का भी निरीक्षण किया और पेठे का नमूना लिया। कारोबारी को सुधार नोटिस दिया गया। सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि अभियान जारी रहेगा। मानकों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।