रायबरेली रेलवे स्टेशन पर गंगा गोमती 8:30 बजे पहुंची तो यात्रियों की भीड़ ट्रेन पर चढ़ने के लिए दौड़ी, लेकिन आरपीएफ ने सुरक्षा घेरा बना रखा था, जिस कारण ट्रेन में चढ़ने की हिम्मत किसी की नहीं हो सकी। ट्रेन के दरवाजे अंदर से बंद रहे। आरपीएफ प्लेटफार्म पर मुस्तैद रही और गंगा गोमती के आगे निकलने के बाद सुरक्षा घेरा हटाया गया।
ट्रेन का दरवाजा न खोलने पर यात्री को पीटा
ऊंचाहार के रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने मंगलवार शाम को जमकर हंगामा किया। कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन का गेट न खोलने पर एक यात्री को युवकों ने जमकर पीटा। किसी तरह अन्य यात्रियों ने मामला शांत कराया। मौनी अमावस्या पर प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के लिए श्रद्धालु की भीड़ रेलवे स्टेशन पर उमड़ी। हाल यह रहा कि शाम को रेलवे स्टेशन पर लगभग तीन हजार यात्री मौजूद रहे। इसी दौरान लखनऊ से प्रयागराज जा रही कुंभ मेला स्पेशल शाम 5:17 बजे स्टेशन पर पहुंची। भीड़ ट्रेन पर चढ़ने के लिए दौड़ पड़ी। ट्रेन की बोगियों के दरवाजे बंद थे। उन्हें खुलवाने के लिए श्रद्धालु मशक्कत करते रहे। इस बीच एक डिब्बे में पहले से बैठे यात्री ने दरवाजा नहीं खोला तो युवकों ने हंगामा करते हुए गाली गलौज शुरू कर दी। किसी तरह दरवाजा खुला तो ट्रेन में चढ़ते ही युवकों ने दरवाजा खोलने से इंकार कर रहे यात्री को जमकर पीटा। हालांकि लोगों ने बीच बचाव मामले को शांत कराया। उसके बाद ट्रेन रवाना हो गई। वहीं इस बाबत आरपीएफ थाना प्रभारी आरबी सिंह ने बताया कि हंगामा या विवाद की जानकारी नहीं है। सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।