रायबरेली। कोरोना काल में तीमारदारों और राहगीरों के लिए आश्रय केंद्र का संचालन कर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की जिला इकाई ने एक सराहनीय पहल की है।
इसके तहत अस्पतालों में भर्ती कोरोना मरीजों के तीमारदारों के लिए 25 बेड का आश्रय केंद्र खोला गया है। इसमें तीमारदारों और राहगीरों की न सिर्फ रहने, बल्कि भोजन व दवा की मुफ्त व्यवस्था भी मिलेगी। लोगों को सेहतमंद रखने के लिए योगा शिक्षक भी होगा।
जिला मुख्यालय स्थित आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज में गुरुवार को आरएसएस के प्रांत प्रचारक कौशल और सह प्रांत प्रचारक मनोज ने आश्रय केंद्र का शुभारंभ किया। आरएसएस सेवा विभाग की ओर से संचालित इस आश्रय केंद्र की निगरानी छह-छह कार्यकर्ताओं की टोली करेगी।
जिला विभाग प्रचारक डॉ. अवधेश ने बताया कि संघ का उद्देश्य सामाजिक सरोकार को बनाए रखते हुए महामारी के इस दौर में आम जन मानस की मदद करना है। केंद्र में मरीजों के तीमारदारों और राहगीरों के भोजन और रुकने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि केंद्र में आने वाले लोग सेहतमंद रहे, इसके लिए योग प्रशिक्षक डॉ. रवि प्रताप सभी को योगा सिखाएंगे और डॉ राजीव सिंह कोरोना से बचाव की जागरूकता के साथ मुफ्त दवा भी देंगे।
सेवा विभाग के विभाग प्रमुख गया प्रसाद शुक्ला ने कहा कि महामारी के इस दौर में और लोगों को भी पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। समाजसेवी विजय रस्तोगी ने बताया कि 25 बेड के इस आश्रय केंद्र में सभी सुविधाएं मिलने के साथ कोरोना गाइड लाइन का पूरा ध्यान रखा जाएगा।