रायबरेली। चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर मंगलवार को हवन-पूजन के साथ घर-घर अष्टम महागौरी की पूजा अर्चना हुई। इस दौरान मइया के जयकारे गूंजे। पूजा अर्चना के दौरान भक्तों ने कोरोना काल में मइया से लोगों की मदद करने की मुराद भी मांगी। प्रसाद के रूप में हलवा, खीर व पूड़ी भी बांटी। कुछ भक्तों ने सतर्कता बरते हुए मंदिरों में पहुंचकर मइया की आराधना की।
कोरोना को देखते हुए इस बार चैत्र नवरात्र में लोग घरों पर ही मइया की आराधना कर रहे हैं। देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ कम दिख रही है। अष्टमी पर शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में मइया की चहुओर गूंज रही।
लोगों ने कोरोना के खतरे को देखते हुए घरों में विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। शहर के मंसा देवी व मढ़ी देवी समेत अन्य मंदिरों पर कुछ ही भक्तों ने पहुंचकर मइया की पूजा अर्चना की। लोगों ने कन्याओं को प्रसाद भी ग्रहण कराया।