रायबरेली। डायल-112 की पीआरवी में महिला सिपाहियों की तैनाती कर दी गई। पीआरवी में तैनात महिला सिपाही न सिर्फ आधी आबादी की व्यथा सुनेंगी, बल्कि मुसीबत पर उन्हें घर तक पहुंचाएंगी। एसपी स्वप्निल ममगाई, एएसपीनित्यानंद राय ने पुलिस लाइंस स्थित डायल 112 में पांच पीआरवी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्नाव, हैदराबाद की घटना के बाद डीजीपी ने डायल-112 की पीआरवी में महिला सिपाहियों की तैनाती करके महिलाओं की सुरक्षा और चौकस करने के निर्देश दिए थे। इस पर ट्रेनिंग के बाद महिला सिपाहियों की पीआरवी में तैनाती की गई। एसपी ने बताया कि पांच पीआरवी पर दो-दो महिला सिपाहियों की तैनाती की गई है।
पीआरवी पर एक प्रभारी की भी तैनाती रहेगी। कुल दो महिला सिपाहियों समेत चार पुलिस कर्मी तैनात होंगे। इसमें चालक भी शामिल है। एसपी ने बताया कि इसका मुख्य मकसद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर है। किसी कारण वश महिलाएं घर नहीं जा पा रही हैं।
फिर उन्हें कोई परेशान कर रहा है। डायल 112 पर सूचना मिलने पर पीआरवी पहुंचकर महिलाओं की मदद करेंगी। बाकायदा उन्हें घर तक पहुंचाएंगी। इस मौके पर डायल 112 के प्रभारी अमरनाथ यादव भी मौजूद रहे।