रायबरेली। माध्यमिक विद्यालयों के संचालन का समय सुबह 7.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक होने के कारण शिक्षकों में आक्रोश है। इस मुद्दे को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ विरोध कर रहा है।
शुक्रवार को जिले के ज्यादातर माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर विरोध जताया। संगठन के पदाधिकारियों ने विद्यालय का समय सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक करने की मांग की।
माध्यमिक शिक्षक संघ के राज्य कार्यकारिणी सदस्य जगजीवन प्रसाद शुक्ल, जिलाध्यक्ष राकेश कुमार मिश्र, मंत्री शैलेश कुमार वाजपेयी, कोषाध्यक्ष नन्हे लाल ने बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन देकर अपनी बात रखी थी।
साथ ही विद्यालय संचालन का समय संशोधित न करने की दशा में काला फीता बांधकर विरोध-प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी थी। इसी कड़ी में शुक्रवार को विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर प्रदर्शन किया।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक समय नहीं बदला जाता है, तब तक विरोध चलता रहेगा। साथ ही 5 जुलाई को डीआईओएस कार्यालय में धरना-प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा।
जिले के श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज बछरावां, इंटर कालेज खागीपुर सड़वा, श्री बरखंडी विद्यापीठ इंटर कॉलेज, आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज समेत जिले के कई माध्यमिक विद्यालयों में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया गया। इसमें शिक्षकों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज में विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रधानाचार्य शैलेश कुमार बाजपेयी ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक को आदेश वापस लेना होगा। विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति का समय वही होना चाहिए, जो शासन से निर्धारित किया गया है। सभी शिक्षक अपनी जिम्मेदारी के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। ऑनलाइन पढ़ाई सुनिश्चित कराने के साथ-साथ नए बच्चों को स्कूल में लाने का कार्य भी कर रहे हैं।