शिवगढ़ (रायबरेली)। टैबलेट न मिलने से नाराज प्रशिक्षणार्थियों ने शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बछरावां (शिवगढ़) में जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की।
इससे काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने बताया कि ड्रेस मेकिंग ट्रेड में 40 प्रशिक्षणार्थी हैं, लेकिन महज दो लोगों को लाभान्वित किया गया है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बछरावां के नाम से है, लेकिन शिवगढ़ में बना है। छात्र-छात्राओं ने जब टैबलेट वितरण की लिस्ट देखी तो उसमें उनका नाम नहीं मिला।
इस पर विद्यार्थियों ने जमकर प्रदर्शन किया। ड्रेस मेकिंग ट्रेड के छात्र-छात्राओं ने बताया कि महज दो छात्रों को ही टैबलेट दिया गया है। बाकी छात्र-छात्राओं को लौट जाने के लिए कह दिया गया।
इसीलिए छात्र-छात्राएं आक्रोशित हो गए और नारेबाजी के साथ प्रदर्शन करने लगे। आक्रोशित छात्र-छात्राओं में रश्मि चौरसिया, सोनाली, अभिनव श्रीवास्तव, आशीष कुमार, आयुष गुप्ता, अंजू, रीतू, चंचल, गायत्री, विनीता, ममता गिरी आदि ने कहा कि उनको भी टैबलेट मिलना चाहिए।
उन्होंने बताया कि ड्रेस मेकिंग ट्रेड में 40 बच्चे हैं। इसमें चार छात्रों को चयनित किया गया, जिसमें दो को टैबलेट मिला तो दो का नाम कट गया। बाकी 36 छात्र-छात्राओं के नाम ही सूची में नहीं थे।
यह कहा गया कि चौथे राउंड में प्रवेश लिए थे, इसलिए उन्हें टैबलेट नहीं मिलेगा। संस्थान के कार्यदेशक (फोरमैन) विनय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 241 छात्रों को टैबलेट आवंटित हुए हैं, जिसमें 170 छात्रों को टैबलेट दिए जा चुके हैं। ड्रेस मेकिंग ट्रेड के मात्र चार छात्रों के लिए ही टैबलेट आए थे, जिसमें दो को टैबलेट दे दिया गया है। बाकी लोगों को कब मिलेगा, इस बारे में कुछ नहीं बता सकता।