राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में लगे स्टॉल।
रायबरेली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की ओर से बुधवार को जीआईसी मैदान में जिला स्तरीय तीन दिवसीय सरस मेले का शुभारंभ हुआ। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने 28 स्टालों पर अपने उत्पाद सजाए। यहां हस्तशिल्प, खाद्य पदार्थ, घरेलू उपयोग की सामग्री समेत विभिन्न स्थानीय और पारंपरिक उत्पाद बिक्री के लिए रखे गए हैं। मेले में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
सुबह डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न स्टालों का अवलोकन कर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के कार्यों की सराहना की। डीएम ने कहा कि समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने हुनर और मेहनत से विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार कर रही हैं। उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध होने से उनकी आय में वृद्धि हो रही है। महिलाओं की प्रतिभा को मंच और बाजार उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में सरस मेला महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने हस्तशिल्प, खाद्य पदार्थ, घरेलू उपयोग की सामग्री, पारंपरिक एवं स्थानीय उत्पादों सहित अन्य वस्तुओं के स्टाल लगाए हैं। मेले में उत्पादों की बिक्री के साथ महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार का भी अवसर मिल रहा है।
इस मौके पर सीडीओ अंजूलता, उपायुक्त एनआरएलएम मुनेश चंद्र, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरवी सिंह, एलडीएम सुबोध मिश्रा, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी संतोष कुमार और डीडीओ वर्षा सिंह मौजूद रहे।