बछरावां क्षेत्र में निर्माणाधीन अंडरपास में भरा पानी।
बछरावां। लखनऊ-रायबरेली रेलमार्ग पर बछरावां और श्रीराज नगर रेलवे स्टेशनों के बीच क्रॉसिंग संख्या 178 पर एक वर्ष पहले अंडरपास बनाने का काम शुरू हुआ, जिसके अगले एक महीने के भीतर पूरा होने की उम्मीद है। अंडरपास पर टिनशेड लगाया जाना बाकी है। वर्तमान में अंडरपास के भीतर काफी पानी भरा हुआ है।
इस अंडरपास को बनाने का मकसद करीब 20 हजार आबादी को आवागमन की सुविधा देना है। रेल लाइन के दोहरीकरण के बाद क्रॉसिंग अक्सर बंद रहती थी। इसीलिए अंडरपास बनवाया जा रहा है, ताकि लोगों का आवागमन सुचारू रूप से होता रहे। इस अंडरपास से बाछूपुर, नीमटीकर, कसरावां सहित 10 से अधिक गांवों के लोगों का आना-जाना होगा।
करीब छह करोड़ रुपये की लागत से अंडरपास का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसमें पानी भरा हुआ है। ग्रामीण राम अंचल, सत्य नारायण, महासागर, मनीष कुमार का कहना है कि अंडरपास बनाने के दौरान जलनिकासी के उचित इंतजाम नहीं किए गए हैं। क्षेत्र का जलस्तर काफी ऊंचा है, जिससे सीपेज की समस्या रहती है। ऐसे में अंडरपास के भीतर पानी आता है।