रायबरेली। जिले में डेंगू सहित अन्य संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग गंभीर हो गया है। जांच में डेंगू के मरीजों की पुष्टि के लिए सोमवार को डीएम के स्तर से एडवाइजरी जारी कर दी गई। सभी नर्सिंगहोम और पैथोलॉजी संचालकों को डेंगू के मरीजों की रिपोर्ट रोजाना सीएमओ को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मरीजों के सैंपलों की जांच भी राजकीय लैब से कराने के निर्देश दिए गए हैं। मरीजों के ब्लड का सैंपल भी रिपोर्ट के साथ कंट्रोल रूम में देना होगा। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने पर संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी। जिला मलेरिया अधिकारी रमेशचंद्र यादव ने बताया कि जिले में मलेरिया, डेंगू, कालाजर व अन्य संक्रामक बीमारियों का सीजन आ गया है। इन रोगों के रोकथाम और नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग गंभीर है।
निजी पैथोलॉजी या निजी अस्पतालों में डेंगू के संदिग्ध मरीज चिह्नित होने के बाद उनके सैंपलों की जांच जिला अस्पताल में कराना अनिवार्य है। जिला अस्पताल में जांच के बाद ही डेंगू या अन्य संक्रामक रोगों की पुष्टि होगी। डेंगू के संदिग्ध मरीज मिलते ही रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम को देनी होगी। मरीजों के ब्लड का एक सैंपल भी जांच के लिए कंट्रोल रूम को देना होगा, जिससे डेंगू की पुष्टि के लिए एलाइजा जांच कराई जा सके।