रायबरेली में निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत हो गई। गलत इलाज करने की बात कहकर परिजनों ने हाईवे जाम करके हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें समझाने में जुटी रही।
यूपी के रायबरेली में बछरावां स्थित आर चौधरी हॉस्पिटल में प्रसूता की नॉर्मल डिलीवरी के बाद मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने लखनऊ-प्रयागराज हाईवे जाम करके हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझाकर शांत किया।
विज्ञापन
बताया गया कि बल्दी खेड़ा खानपुर सेंहगो निवासी नरेंद्र कुमार ने पत्नी निशा देवी को प्रसव पीड़ा होने पर 3 सितंबर को आरके चौधरी अस्पताल में भर्ती कराया। रात में नॉर्मल डिलीवरी हुई। आरोप है कि गलत उपचार के कारण 4 सितंबर की सुबह लगभग 8:30 बजे प्रसूता की मौत हो गई। इसके बाद इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। लखनऊ-प्रयागराज मार्ग जाम करके हंगामा किया।
16 दिन पहले भी हुई थी महिला की मौत
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत करने का प्रयास कर रही है। नरेंद्र ने बताया कि अयोग्य डॉक्टर ने जबरदस्ती पत्नी की डिलीवरी कराई। लापरवाही के कारण ही उसकी जान चली गई। जब तक अस्पताल बंद नहीं होगा, तब तक प्रदर्शन करते रहेंगे। बताते चलें कि बीती 18 अगस्त को भी इस अस्पताल में एक महिला की मौत हो गई थी। मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।