बलरामपुर के महराजगंज तराई में ट्रांसफार्मर ठीक करते कर्मी ।
महराजगंज तराई/जरवा। भीषण गर्मी में बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई है। दिन हो या रात अघोषित कटौती व ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान हैं। महराजगंज तराई क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों में आक्रोश है। क्षेत्रवासी महेश, तुलाराम, दीपक, विशाल, श्रवन, बाबूलाल व नानबाबू ने बताया कि क्षेत्र में कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती की जा रही है।
तुलसीपुर उपकेंद्र के कौवापुर फीडर से शिवचरनडीह, गांधी गांव, रजवापुर, कदैला, रुद्रपुर, शिवपुरा, महराजगंज तराई व फीडर से साहेबनगर, निरंजनडीह, मैटहवा, बनकटवा, कनहरा, परसिया गौरी, नन्हुवापुर व लोहपनिया गांवों के करीब 10 हजार लोगों को अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति न होने से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। उपभोक्ताओं ने डीएम से समस्या का निराकरण कराने की मांग की है। जरवा क्षेत्र के उपखंड तुलसीपुर के कोइलाबास फीडर से पिपरी गांव में बिजली आपूर्ति ठप है। ग्राम पिपरी के उपभोक्ता मनीष, राजेश, संतोष व वकील ने बताया कि बार-बार बिजली कटौती से गांव का मुख्य तार भी शाॅर्ट हो गया, जिससे 48 घंटे से बिजली नहीं मिली है। प्रतिदिन शाम आठ बजे कट जाती है और रात 11 बजे आती है। इसके बाद भी बीचबीच में कटौती होती रहती है।