ऊंचाहार क्षेत्र के जमुनापुर उपकेंद्र में आइसोलेटर बदलते बिजली कर्मी।
रायबरेली। जमुनापुर बिजली उपकेंद्र पर 33 केवीए लाइन में लगे आइसोलेटर सोमवार को बदले गए। लगभग छह घंटे तक क्षेत्र के 75 गांवों में बिजली गुल रही। इसकी सूचना पहले से नहीं दी गई। बिजली न आने से लोग परेशान रहे।
उपकेंद्र से जमुनापुर, किरवाहार, भीलमपुर व अंबारा फीडर संचालित हैं। इनसे दौलतपुर, रामसांडा, बाहरपुर, ईश्वरदासपुर, सरांयभान, गोकना, सैदलीपुर, कोटिया चित्रा, धूता, किसुनदासपुर, रामचंद्रपुर, कल्याणपुर, कमोली, मनिहर शर्की व मखदूमपुर समेत 75 गांवों को बिजली आपूर्ति होती है। डलमऊ ट्रांसमिशन से आई 33 केवीए लाइन में उपकेंद्र पर दो आइसोलेटर लगे हैं, जिन्हें बदलने के लिए बिना सूचना क्षेत्र की आपूर्ति दोपहर 12 बजे रोक दी गई।
शाम छह बजे तक मरम्मत कार्य चलता रहा। लापरवाही के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। शाम को आपूर्ति चालू हुई, तो लोगों ने राहत की सांस ली। अवर अभियंता ओमकार सिंह ने बताया कि आइसोलेटेर बदलने के लिए आपूर्ति रोकी गई थी। शाम को आपूर्ति बहाल कर दी गई है।