घटना से अमावां और राही ब्लॉक के करीब 90 गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई है। त्रिपुला ट्रांसमिशन परिसर में ही 33/11 केवी त्रिपुला सब स्टेशन बना हुआ है।
दोनों के यार्ड एक ही हैं। सब स्टेशन में 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। शनिवार की रात ट्रांसफार्मर नंबर दो में लगी बुसिंग जोरदार आवाज के साथ फट गई। साथ ही ट्रांसफार्मर में आग लग गई।
धमाके से कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। इसके बाद दाउद नगर, डिघिया, मैनूपुर, हैबतमऊ, राही, दौतरा, उमरा, दरीबा, मटिहा, मोहद्दीनपुर, लोहानीपुर, कोडना, बिनोहरा, बिबियापुर, इब्राहिमपुर समेत राही और अमावां ब्लॉक के करीब 90 गांवों की बत्ती गुल हो गई।
गांवों में करीब सवा लाख आबादी उमस भरी गर्मी से परेशान रही। औद्योगिक फीडर (छतैया) की सप्लाई ठप है। वहीं त्रिपुला स्थित पावर कॉर्पोरेशन के आवासीय परिसर में भी घंटों बिजली न मिलने से कर्मचारी और उनके परिवारीजन बेहाल रहे। रविवार की सुबह दूसरे फीडरों से जोड़ कर कुछ गांवों को आपूर्ति की गई।