विद्युत उपकेंद्र खीरों में लगे उपकरण।
खीरों (रायबरेली)। विद्युत उपकेंद्र खीरों की 33 केवी लाइन में सोमवार को फॉल्ट आने पर पांच घंटे बिजली गुल रही। इससे करीब सवा लाख लोग गर्मी और उमस से बेहाल रहे। बिजली बहाल तो हुई, लेकिन लो वोल्टेज की समस्या से लोगाें को जूझना पड़ा।
विद्युत उपकेंद्र खीरों को मौरावां ट्रांसमिशन से बिजली मिलती है। सुबह करीब 11 बजे 33 केवी लाइन में फॉल्ट आ गया। इससे पूरे क्षेत्र के बिजली गुल हो गई। 25 किमी लंबी लाइन में फॉल्ट खोजने में लंबा समय बीत गया। फॉल्ट मिलने के बाद कर्मियों ने राहत की सांस ली। चार बजे फॉल्ट ठीक होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
उपभोक्ता राजेश कुमार, चंद्रपाल, राधेश्याम यादव, मेवालाल ने बताया कि भीषण गर्मी में बिजली रुला रही है। वोल्टेज इतना कम रहता है कि सबमर्सिबल की मोटर भी नहीं चल पाती। कभी जर्जर लाइनों के तार टूटने, तो कभी उपकरणों में खराबी से बिजली गुल रहती है।
अवर अभियंता वीके सिंह ने बताया कि गर्मी में मांग अधिक होने के कारण लो वोल्टेज की समस्या है। फॉल्ट को ठीक कराने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई।
जनरेटर में लगी आग, अफरातफरी
सलोन। तहसील परिसर में सोमवार को जनरेटर में आग लग गई। इससे अफरातफरी मच गई। अधिवक्ताओं और तहसील कर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई। दोपहर करीब 12 बजे बिजली नहीं आने पर जनरेटर चल रहा था। चलते-चलते जनरेटर में आग लग गई। डीजल के टैंक में आग लगने पर तेज लपटें निकली। सूचना पर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।