त्रिपुला ट्रांसमिशन से खीरों और सेमरी विद्युत उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवी लाइन में आई फॉल्ट शुक्रवार को भी खोजी नहीं जा सकी। इससे उपकेंद्र से जुड़े मोहल्ले में दूसरे दिन भी बिजली आपूर्ति बाधित रही।
करीब डेढ़ लाख आबादी प्रभावित है। बिजली के अभाव में न तो नलकूप चल पा रहे हैं न ही कारखाने चल पा रहे हैं। लोग मोबाइल तक नहीं चार्ज कर पा रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत पेयजल आपूर्ति में हो रही है।
विद्युत उपकेंद्र खीरों और सेमरी से करीब 40 हजार उपभोक्ता और डेढ़ लाख की आबादी है।दोनों उपकेेंद्र को त्रिपुला स्थित ट्रांसमिशन से बिजली जाती है। गुरुवार सुबह इस लाइन में फॉल्ट आने से दोनों उपकेंद्रों की आपूर्ति बंद है।
बिजली नहीं आने से लोग बेहाल हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत किसानों को हो रही है। नलकूप नहीं चलने से गेहूं की फसल सूख रही है। ब्लॉक क्षेत्र के खीरों, मझिगवां, पाहों, भीतरगांव, खरगापुर, बीजेमऊ गांव में पानी की टंकियां हैं।
बिजली नहीं आने से टंकियों में पानी नहीं भर पा रहा है। इससे जलापूर्ति ठप है। उपभोक्ता रामकिशुन, शिवदयाल, अखिलेश बाजपेयी, रामसजीवन, बजरंगी ने बताया कि आए दिन 33 केवी लाइन में फाल्ट आता है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।