रायबरेली। धनतेरस से दीपावली तक जिले में 24 घंटे निर्वाध विद्युत आपूर्ति होगी। इसमें कोई अड़चन न आए इसकी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है। अधीक्षण अभियंता ने शुक्रवार को अधिशासी अभियंताओं को पत्र भेजकर इस पर कड़ाई से अमल करने का निर्देश दिया।
कहा, एक एमवीए क्षमता वाले उपकेंद्र पर केवल जेई और इससे अधिक क्षमता वाले उपकेंद्रों पर उपखंड अधिकारी और जेई मुस्तैद रहेंगे। तहसील मुख्यालय वाले उपकेंद्रों पर 400 केवीए क्षमता का ट्रॉली ट्रांसफार्मर होना चाहिए, जिससे कहीं आपूर्ति में बाधा आए तो ट्रांसफार्मर बदल कर आपूर्ति बहाल की जा सकें। रात में एक्सईएन निरीक्षण करेंगे, कहीं लापरवाही मिली तो कार्रवाई के लिए रिपोर्ट देंगे।
अधीक्षण अभियंता वाईएन राम ने बताया कि 22 से 24 अक्तूबर तक शहर की तरह गांवों में 24 घंटे बिजली मिलेगी। उपकेंद्रों के स्विच गीयर, ब्रेकर की टेस्टिंग पहले कर ली जाए। 33 और 11 केवी की लाइनों पर आने वाली डालों की छटाई करा ली जाए। हर उपकेंद्र में परिचालकों एवं आकस्मिक अनुरक्षण के लिए टीम पहले से गठित कर दी जाए, ताकि फॉल्ट आने पर उसे तत्काल दूर कराया जा सके।