जगतपुर (रायबरेली)। वसूली और फरियादियों से अभद्र व्यवहार करने की शिकायतें पहुंचने पर एसपी आलोक प्रियदर्शी ने जगतपुर थाने में तैनात दो दरोगाओं को लाइन हाजिर कर दिया है। कई और पुलिस कर्मियों पर भी गाज गिरने की आशंका है। कोतवाल के खिलाफ भी शिकायतें एसपी तक पहुंच रही हैं।
एसपी ने जगतपुर थाने में तैनात दरोगा रेखा दुबे और सत्य प्रकाश पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया है। आरोप है कि महिला दरोगा ने ऊंचाहार क्षेत्र के एक व्यक्ति से वसूली का प्रयास किया था। इसकी शिकायत एक जनप्रतिनिधि ने एसपी से की थी, जिसके बाद एसपी ने महिला दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया।
दूसरे दरोगा के खिलाफ भी शिकायतें एसपी तक पहुंचीं, जिसके बाद उस पर भी कार्रवाई की। एसपी का कहना है कि जगतपुर थाने के दो दरोगाओं की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद दोनों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।