ऊंचाहार एनटीपीसी से पावर ग्रिड अमावां को आने वाली विद्युत लाइन में बुधवार सुबह अचानक फॉल्ट आ गया। जिससे जिले भर की आपूर्ति ठप हो गई। 34 लाख आबादी देर शाम तक बिजली और पानी के संकट जूझती रही।
शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक लोग पानी के लिए भटकते नजर आए। कहने को जिला अस्पताल और औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति रही, लेकिन इनको भी ट्रिपिंग का सामना करना पड़ा।
जगतपुर ब्लॉक क्षेत्र में चड़रई चौराहा के पास पावर ग्रिड को जाने वाली लाइन का जंफर बुधवार सुबह कट गया। शहर में सुबह आठ बजे से कटौती के बाद 10 बजे आपूर्ति शुरू हुई थी।
इसके कुछ देर बाद ही बिजली फिर से गुल हो गई। देर शाम तक आपूर्ति सुचारू नहीं होने से जिले की 34 लाख आबादी को विद्युत और पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।
वहीं बिजली के चलने वाली आटा चक्की, लघु उद्योग और आरा मशीनों में कामकाज ठप हो गया है। हीटर और ब्लोअर काम न करने से लोगों को ठंड से परेशान हैं।
कलेक्ट्रेट, विकास भवन, सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी, तहसीलों, बीएसए दफ्तर समेत तमाम सरकारी दफ्तरों में कंप्यूटरों ने काम नहीं किया।
इससे किसानों को खतौनी और इंतखाब नहीं मिल पाई। वहीं निवास, आय, जाति प्रमाण पत्र के लिए भी लोगों को भटकना पड़ा।
राही, अमावां, बछरावां, खीरों, डलमऊ, महराजगंज, जगतपुर, डीह, छतोह, लालगंज समेत सभी ब्लॉक क्षेत्रों के सैकड़ों गांवों में बिजली न मिलने से किसानों, ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ी।
हाईस्कूल, इंटर के स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा की पढ़ाई बाधित रही। रात करीब नौ बजे बिजली आई, लेकिन 10-15 मिनट बाद फिर गुल हो गई। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि ग्रिड की सप्लाई बहाल हो गई है। स्थानीय फॉल्ट से आपूर्ति बाधित हुई है।
शहर के निराला नगर निवासी अजय अग्रहरि, ऊंचाहार कस्बे के व्यापारी अनमोल त्रिपाठी, बछरावां के शिवभजन, खीरों के शमीम अख्तर आदि का कहना है कि आटा चक्की, पालेसर, आरा मशीन समेत अन्य लघु उद्योग बंद हैं।
इससे व्यापारियों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। वहीं राही ब्लॉक के दरियापुर के किसान रामलखन, दीनशाह गौरा के मुरैठी के किसान हीरा, गदागंज के जमालुद्दीन का कहना है कि बिजली न मिलने से खेती के जरूरी कार्य प्रभावित रहे।
एसडीओ ट्रांसमिशन एके मौर्या ने बताया कि एनटीपीसी से 220 केवी की तीन लाइनें पावर ग्रिड आती हैं। इनमें से दो लाइनें एक ही बिजली के खंभे पर चलती है।
इन्हीं में से एक लाइन का जंफर कट गया था। जंफर को जोड़ने के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से दोनों लाइनों की आपूर्ति बंद करा दी गई। वहीं तीसरी लाइन से उद्योगों और जिला अस्पताल को आपूर्ति की जा रही है।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के एक्सईएन अशोक कुमार ने कहा कि एनटीपीसी से पावर ग्रिड आने वाली लाइन का चड़रई चौराहे के पास जंफर कट गया था। इससे पूरे जिले की आपूर्ति बाधित रही।
लाइन में आए इस फॉल्ट को देर शाम तक ठीक करा लिया गया है। कई स्थानों पर स्थानीय फॉल्ट के कारण आपूर्ति बाधित है। जल्दी ही ठीक कराया जा रहा है।