लालगंज के डाकघर में सर्वर ठप होने से पसरा सन्नाटा।
लालगंज (रायबरेली)। डाकघर में बुधवार को सर्वर ठप रहा। इससे रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट और अन्य लेनदेन का कामकाज ठप हो गया। भाइयों को राखी भेजने आई महिलाओं को मायूस होकर लौटना पड़ा।
पिछले चार दिनों से डाकघर का सॉफ्टवेयर अपडेट किया जा रहा है, जिससे लगातार कामकाज प्रभावित है। रक्षाबंधन को लेकर बहनों की ओर से राखी भेजने का सिलसिला चल रहा था, लेकिन सर्वर ठप होने से रजिस्ट्री व स्पीड पोस्ट नहीं हो पा रही है।
वित्तीय लेनदेन भी प्रभावित है। नगर की रुचि ने बताया कि उन्हें कोलकाता में पढ़ रहे अपने भाई को राखी भेजनी थी, लेकिन डाकघर में पहुंचने पर पता चला कि सर्वर बंद है।
महाखेड़ा निवासी सुनीता ने कहा कि वह राखी पोस्ट करने आई थीं, मगर काउंटर पर तकनीकी खराबी का नोटिस चस्पा मिला। डाकघर के पोस्टमास्टर एसके वाजपेयी ने बताया कि सॉफ्टवेयर बदलाव की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही तकनीकी खामियों को दूर कर सेवाएं दोबारा शुरू की जाएंगी।