रायबरेली। निर्वाचित प्रधानों को खातों के संचालन का अधिकार मिलने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 25 या 26 मई को नए प्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी।
हालांकि कोरम पूरा न होने के कारण 988 में महज 650 ग्राम पंचायतों में ही प्रधान शपथ ले सकेंगे। पांच नवनिर्वाचित प्रधानों की मौत होने और कोरम पूरा न होने के कारण 338 पंचायतों में शपथ ग्रहण नहीं हो सकेगा। यहां खातों का संचालन प्रशासक ही करेंगे।
जिले की सभी 988 ग्राम पंचायतों में दो मई को मतगणना हुई थी। इसके बाद पांच नवनिर्वाचित प्रधानों की मौत हो गई है। नए प्रधानों के निर्वाचित होने के बाद अब तक शपथ ग्रहण नहीं कराया गया है।
खातों का संचालन प्रशासक ही कर रहे हैं। अब शासन ने प्रधानों को शपथ दिलाने के लिए तारीखों की घोषणा कर दी है। 25 या 26 मई को प्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी।
शासन ने ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा न करने वाली पंचायतों के प्रधानों को शपथ न दिलाने के आदेश दिए हैं। इसमें जिले में 333 ऐसी ग्राम पंचायतें हैं यहां ग्राम पंचायत सदस्य के दो तिहाई पद भरे नहीं हैं।
इन ग्राम पंचायतों के प्रधानों को शपथ ग्रहण के लिए इंतजार करना होगा। शेष 650 ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाने के साथ ही खातों के संचालन का अधिकार मिल जाएगा।
27 मई को पंचायतों में कराई जाएगी खुली बैठक
25 या 26 तारीख में शपथ ग्रहण कराने के बाद ग्राम पंचायतों की पहली खुली बैठक 27 मई को बुलाई जाएगी। बैठक में ग्राम पंचायतों की विभिन्न समितियों के गठन का काम किया जाएगा। आगे कराए जाने वाले विकास कार्यों की रूपरेखा को तैयार किया जाएगा।
प्रधानों के शपथ ग्रहण के लिए तारीख तय करने के लिए डीएम को पत्रावली भेजी जा रही है। शासन से 25 या 26 मई को शपथ ग्रहण की तारीख तय की गई है। शपथ ग्रहण के बाद 27 मई को सभी पंचायतों में पहली खुली बैठक होगी।
सूर्यबख्श सिंह, प्रभारी डीपीआरओ